बखरोग ( पट्टा महलोग ) पवन सिंघ:-
गुरनार पर्वत बखरोग स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में आयोजित आठवें विशाल मेले में क्षेत्र सहित दूर-दराज के इलाकों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा जी के दर्शन किए और आस्था की हाजरी लगाई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर सुख, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर अनेक भक्तों ने बाबा जी के दरबार में श्रद्धा स्वरूप झंडे भी अर्पित किए। मेले के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। बाबा बालक नाथ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बाबा जी के दरबार में पूरी रात भव्य जागरण का आयोजन भी किया गया। जागरण में भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक भजन एवं संकीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्त पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहे और बाबा बालक नाथ की महिमा का गुणगान करते रहे।मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत उदाहरण बनकर उभरा। मेले के सफल आयोजन पर श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रबंधन, समिति सदस्यों और सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।






