बखरोग (पट्टा महलोग ) पवन सिंघ
गुरनार पर्वत बखरोग स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ जी के पावन धाम में आयोजित आठवां विशाल दो दिवसीय मेला श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। मेले में क्षेत्र ही नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न भागों तथा दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा जी के चरणों में शीश नवाया और सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं परिवार की मंगलकामना की। दो दिनों तक गुरनार पर्वत बाबा जी की भक्ति में सराबोर रहा। मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र बाबा बालक नाथ जी के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर बाबा जी के दरबार में झंडे, रोट और कड़ाही चढ़ाकर आस्था व्यक्त की तथा परिवार सहित बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने इस धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।मेले के दौरान दिन-रात लगातार विशाल जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों एवं कलाकारों ने बाबा जी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मधुर भजनों और भक्ति संगीत ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। बाबा जी के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मेले में निरंतर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मेले के सफल आयोजन में स्थानीय लोगों, युवा मंडलों, स्वयंसेवकों और मंदिर समिति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेला समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगत के अपार प्रेम, सहयोग और सिद्ध बाबा बालक नाथ जी की असीम कृपा से यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन ऐतिहासिक और सफल रहा। श्रद्धालु बाबा जी के दर्शन कर और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर अपने घरों को लौटे, जबकि मेले की मधुर यादें लंबे समय तक लोगों के दिलों में बनी रहेंगी।






