ऊना
पवन सिंघ:-
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय बैठक रविवार को रक्कड़ कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर की अध्यक्षता तथा केंद्रीय कोऑर्डिनेटर रणधीर सिंह बैनीवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय कोऑर्डिनेटर दया चंद, डॉ. मेघराज सिंह सहित प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ, सेक्टर, जिला और विधानसभा स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई। पार्टी नेतृत्व ने घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने तथा प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। संगठनात्मक मजबूती के लिए हिमाचल प्रदेश को दो जोनों—कांगड़ा-हमीरपुर तथा मंडी-शिमला—में विभाजित कर वरिष्ठ पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नेताओं ने कहा कि बसपा जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाकर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। बैठक में कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान भी किया गया।
हरमेश सिंह पंजोखरा, प्रदेश कार्यालय सचिव, बसपा हिमाचल प्रदेश






