दाड़लाघाट:- पंचायत दाड़लाघाट स्थित श्री बाडू बाड़ा मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में कथाव्यास हरि जी महाराज ने कथा के तीसरे दिवस भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिव भक्ति मनुष्य को जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं तथा उनके जीवन से दुखों और कष्टों का निवारण करते हैं।उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से व्यक्ति जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त कर सकता है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर श्रद्धाभाव से कथा श्रवण किया और भगवान शिव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। वहीं रात्रि में आयोजित भजन-कीर्तन में भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंदिर कमेटी द्वारा प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें सैकड़ों लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। पंचायत प्रधान दाड़लाघाट एवं मंदिर कमेटी सचिव श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 17 जून तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक मूल पाठ, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। 17 जून को महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।






