अर्की:-
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अर्की की एनसीसी इकाई के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि वरिष्ठ एनसीसी कैडेट दिशा ठाकुर ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट निशानेबाजी कौशल के बल पर विभिन्न कठिन चयन चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए शिमला ग्रुप टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। दिशा ठाकुर ने बटालियन स्तर से लेकर ग्रुप स्तर तक आयोजित विभिन्न फायरिंग प्रतियोगिताओं एवं चयन शिविरों में शानदार प्रदर्शन किया और प्रत्येक चरण में अपनी योग्यता का परिचय देते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित इंटर ग्रुप शूटिंग सिलेक्शन प्रतियोगिता (IGSSC) के लिए शिमला ग्रुप का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल दिशा ठाकुर की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अर्की, एनसीसी इकाई तथा पूरे क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। महाविद्यालय प्राचार्या सुनीता शर्मा ने दिशा ठाकुर को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह दर्शाती है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अरुण ठाकुर ने भी दिशा ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, लगन एवं प्रतिबद्धता के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वह चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शिमला ग्रुप, महाविद्यालय तथा हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।






