दाड़लाघाट :-अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में अंग्रेजी एवं समाजशास्त्र (सोशियोलॉजी) विषय के प्रवक्ता पद लंबे समय से रिक्त होने तथा कॉमर्स विषय को समाप्त किए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है। इसी क्रम में पूर्व सचिव हिमाचल संस्कृत अकादमी डॉ. मस्तराम शर्मा ने विधायक संजय अवस्थी से आग्रह किया है कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर कॉलेज में पूर्व की भांति कॉमर्स विषय को पुनः शुरू करवाने की पहल करें। साथ ही अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करवाई जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
डॉ. मस्तराम शर्मा ने कहा कि इन विषयों की कमी से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की।






