दाड़लाघाट:- राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करने हेतु आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए भूकंप एवं आग लगने जैसी आपदा स्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के तहत सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने विभिन्न समितियों जैसे सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, चेतावनी एवं संचार, खोज एवं बचाव (रेस्क्यू) तथा परिवहन समिति का गठन कर समन्वय के साथ कार्य किया। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य भारतेंदु भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता, अनुशासन एवं सेवा भावना को बढ़ाती हैं तथा आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती हैं। आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी पारुल भाटिया तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू के मार्गदर्शन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवियों एवं अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।






