दाड़लाघाट:- बाघल विकास परिषद के अध्यक्ष एवं सहकारिता प्रकोष्ठ दाड़लाघाट के मंडल संयोजक परस राम पिंकू ने राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में कॉमर्स संकाय का अभाव और कुछ विषयों में शिक्षकों की कमी विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित कर रही है। परस राम पिंकू ने कहा कि वर्तमान समय में कॉमर्स शिक्षा की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन दाड़लाघाट महाविद्यालय में यह सुविधा उपलब्ध न होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अन्य संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि महाविद्यालय में कॉमर्स संकाय पुनः शुरू किया जाता है तो क्षेत्र के अनेक विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों के प्रवक्ता पद लंबे समय से रिक्त हैं, जिससे संबंधित विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उच्च शिक्षा संस्थानों में पर्याप्त शिक्षण स्टाफ उपलब्ध होना जरूरी है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। परस राम पिंकू ने प्रदेश सरकार, शिक्षा विभाग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए तथा कॉमर्स संकाय को पुनः शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा बल्कि क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।






