Home » Uncategorized » बाड़ीधार मेले के दौरान मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बाड़ीधार मेले के दौरान मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Share:

दाड़लाघाट:- अर्की तहसील के सरयांज गांव में जिला स्तरीय बाड़ीधार मेले के दौरान हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और स्थानीय लोगों ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे।
जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब सरयांज निवासी महेश गुप्ता अपने साथी के साथ चौरंठु क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार ने पहले गला पकड़कर हाथापाई की और उसके बाद मुक्कों से हमला किया। इसके बाद उसने हेलमेट से महेश गुप्ता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घायल को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा मामले की जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में भारी रोष देखने को मिला था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस तैनाती नहीं थी, जिसके कारण यह घटना हुई। इसके बाद मौके पर करीब एक से डेढ़ घंटे तक यातायात भी प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मेले जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *