शिमला में गूंजा सोलन के कराटेबाजों का दम, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की लगाई झड़ी
सोलन पवन सिंघ:-
शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान स्थित बैडमिंटन हॉल में आयोजित 21वीं ऑल इंडिया सेइगोकान गोजू-रियू कराटे चैंपियनशिप-2026 में JDM Karate Academy, चंबाघाट (सोलन) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच सोलन के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन कौशल, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय देते हुए कुल 9 पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में हेज़ल समता ने कुमिते (फाइट) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पम्मी कुमारी ने काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी को गौरवान्वित किया। इसके अलावा पम्मी ने कुमिते स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया।
युग कुमार ने काता और कुमिते दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीते। वहीं मोक्षार्थी शांडिल्य ने कुमिते स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अकादमी की खिलाड़ी माधवी मेहता ने काता और कुमिते दोनों वर्गों में कांस्य पदक हासिल किए, जबकि रेयांश ने कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस उपलब्धि पर JDM Karate Academy Solan के मुख्य कोच सेंसाई योगेंद्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों, खेल प्रेमियों तथा क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को शुभकामनाएं दी हैं।
कोच : सेंसाई योगेंद्र सिंह
संपर्क : 9736620007






