चंडी, पवन सिंघ:-
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर चंडी में सेवा, श्रद्धा और जनकल्याण का सुंदर संगम देखने को मिला। वीएसएलएम अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय चंडी द्वारा कॉलेज प्रबंधन, स्टाफ, बी.एड. एवं डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं तथा वीएसएलएम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के सहयोग से चंडी बस स्टैंड पर ठंडे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान राहगीरों, यात्रियों और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को ठंडा एवं शीतल जल वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच छबील का लाभ उठाने वाले लोगों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भारतीय संस्कृति में निर्जला एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन जल सेवा को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों और स्टाफ ने मिलकर समाज सेवा का संदेश देते हुए छबील का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सेवा कार्य में भाग लिया तथा लोगों को जल संरक्षण और मानव सेवा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में परोपकार, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।निर्जला एकादशी के इस पावन अवसर पर आयोजित छबील ने न केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई, बल्कि और सद्भावना का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।






