दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दानोघाट के अंतर्गत सुखन गांव में रविवार को प्रधान दूनी चंद की अध्यक्षता में पेयजल टैंक की सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पेयजल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। प्रधान दूनी चंद ने कहा कि स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव हैं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक संपत्तियों और जल स्रोतों की नियमित देखभाल में सहयोग करने का आह्वान किया। अभियान में शामिल लोगों ने भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान वार्ड सदस्य चमन लाल, कुरगन सुधार समिति के प्रधान तरुण कुमार, पंकज शर्मा, तिलक राज, यशवंत ठाकुर, राजू, आईपीएच विभाग के कर्मचारी निशांत तथा मुकुल सहित अन्य स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर पेयजल टैंक और उसके आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।






