बद्दी (सोलन) | पवन सिंघ:-
सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना बरोटीवाला में दर्ज इस सनसनीखेज हत्या मामले में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार (26 वर्ष) निवासी ग्राम बोलिया, तहसील नौहट्टा, जिला रोहतास (बिहार) तथा आर्यन (22 वर्ष) निवासी ग्राम मेयार, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 6 जुलाई 2026 तक चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
पुलिस के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से हत्या के पूरे घटनाक्रम के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी, घटना के पीछे के कारणों, संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों तथा मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जुटाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बरोटीवाला क्षेत्र में हुई इस हत्या की घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।






