Home » Uncategorized » धुंदन विद्यालय में आम सभा का आयोजन,स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

धुंदन विद्यालय में आम सभा का आयोजन,स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

Share:

दाड़लाघाट :-राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में आम सभा का आयोजन कर स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें सुनील ठाकुर को अध्यक्ष तथा प्रेम भगत को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत धुंदन के प्रधान जगदीश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी की पहली मासिक बैठक अध्यक्ष सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत उपप्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल ने प्रधानाचार्य मनोरमा कुमारी चड्ढा की ओर से सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन कर की। इसके बाद प्रधानाचार्य ने बैठक के प्रमुख एजेंडों को सदस्यों के समक्ष रखा, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े प्रवक्ता (इतिहास), प्रवक्ता (वाणिज्य), कला स्नातक, भाषा अध्यापक, वरिष्ठ सहायक, चपरासी एवं चौकीदार के पदों को शीघ्र भरने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। समिति ने विभाग से इस संबंध में पत्राचार करने का आग्रह किया। अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने सुझाव दिया कि इस मुद्दे को लेकर स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से भी मुलाकात कर रिक्त पदों को भरवाने का अनुरोध किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
समिति के सदस्यों ने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की प्रथम टर्मिनल परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, लेकिन अभी तक सीबीएसई की ओर से परीक्षा प्रणाली को लेकर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इस संबंध में प्रधानाचार्य से उच्च अधिकारियों से शीघ्र संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। समिति ने फोरलेन निर्माण कार्य के वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक को पत्र लिखकर अनुरोध करने का निर्णय लिया कि सुबह 8:00 से 9:30 बजे तथा दोपहर 3:00 से 4:30 बजे तक विद्यालय आने-जाने के समय हाईवे निर्माण कार्य या भारी वाहनों की आवाजाही सीमित रखी जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बैठक में उपाध्यक्ष प्रेम भगत, वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल, सदस्य श्यामलाल, मोहन लाल, विमला देवी सहित स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *