दाड़लाघाट : राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉमर्स सोसायटी का गठन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य विभाग की प्राध्यापिका डॉ. भावना आजाद ने विद्यार्थियों को विभाग द्वारा विगत वर्षों में आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। विभागाध्यक्ष एवं सहायक आचार्य पुनीत ठाकुर ने बताया कि बी.कॉम. तृतीय वर्ष के विद्यार्थी वैभव को उपाध्यक्ष, कोमल को सचिव, सुजल ठाकुर को सह सचिव तथा मयंक गुप्ता को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की कॉमर्स सोसायटी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के सभी विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई तथा नवमनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।






