Home » Uncategorized » हिमाचल आज तक की खबर का बड़ा असर, दुर्गापुर धारडी डिस्पेंसरी में डॉक्टर ने संभाला कार्यभार

हिमाचल आज तक की खबर का बड़ा असर, दुर्गापुर धारडी डिस्पेंसरी में डॉक्टर ने संभाला कार्यभार

Share:

चंडी ( बुघार कनैता ) पवन सिंघ:-

दून विधानसभा क्षेत्र की पहाड़ी पंचायत बुघार कनैता के अंतर्गत आने वाली दुर्गापुर धारडी डिस्पेंसरी में आखिरकार स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली हो गई है। पिछले लगभग 4 से 5 महीनों से यह स्वास्थ्य केंद्र बिना डॉक्टर और फार्मासिस्ट के चल रहा था, जिसके कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मरीजों को उपचार और दवाइयों के लिए 20 किलोमीटर दूर कुनिहार या फिर 10 किलोमीटर दूर चंडी तक जाना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को हिमाचल आज तक न्यूज चैनल ने प्रमुखता से उठाया और लगातार जनता की आवाज प्रशासन तथा सरकार तक पहुंचाई। अब इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। बिलासपुर की डॉ. अनामिका ने आज दुर्गापुर धारडी डिस्पेंसरी में डॉक्टर के रिक्त पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि का श्रेय पंचायत प्रधान रमेश कुमार और दून के विधायक राम कुमार चौधरी को दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि नवनिर्वाचित प्रधान रमेश कुमार ने शपथ ग्रहण से पहले ही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक राम कुमार चौधरी से मुलाकात की और फोन के माध्यम से भी डॉक्टर व फार्मासिस्ट के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई थी। विधायक राम कुमार चौधरी ने उस समय आश्वासन दिया था कि जल्द ही व्यवस्था की जाएगी और आज उनका यह वादा पूरा होता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि राम कुमार चौधरी जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। डॉक्टर की नियुक्ति से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें सामान्य उपचार के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने हिमाचल आज तक के युवा पत्रकार पवन सिंघ का भी विशेष आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका के कारण उनकी आवाज सरकार और संबंधित विभाग तक पहुंची, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण समस्या हल हो सकी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही फार्मासिस्ट का रिक्त पद भी भरा जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य का पूरा लाभ मिल सके। डॉक्टर की तैनाती के साथ ही दुर्गापुर धारडी क्षेत्र के लोगों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *