दाड़लाघाट,:-प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के 132 केवी उपकेंद्र डुगनीहार में मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते 9 जुलाई (वीरवार) को दाड़लाघाट उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह शटडाउन सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा। सहायक अभियंता ई. विमल अत्रि ने बताया कि 132 केवी सर्किट ब्रेकर की मरम्मत तथा 11 केवी स्विचगियर के सामान्य रखरखाव के लिए यह नियोजित शटडाउन लिया जा रहा है। इसके चलते विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के सभी 11 केवी फीडरों तथा ईएसडी अर्की और ईएसडी भूमती के एक-एक 11 केवी फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने बताया कि 11 केवी दाड़लाघाट, चंडी, ग्याना फीडर के अंतर्गत विद्युत अनुभाग दाड़लाघाट, ग्याना और चंडी के सभी गांव, 11 केवी नवगांव कंधर फीडर के अंतर्गत नवगांव और कंधर अनुभाग के सभी गांव, 11 केवी भराड़ीघाट फीडर के अंतर्गत भराड़ीघाट क्षेत्र के सभी गांव तथा 11 केवी धुंदन फीडर के अंतर्गत धुंदन अनुभाग के सभी गांवों में सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा 11 केवी रिहोटा फीडर के अंतर्गत खाली विद्युत अनुभाग (ईएसडी अर्की) तथा कुंहर विद्युत अनुभाग (ईएसडी भूमती) के सभी गांव भी इस दौरान बिजली कटौती से प्रभावित रहेंगे। सहायक अभियंता ई. विमल अत्रि ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मरम्मत कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि खराब मौसम अथवा अन्य अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण शटडाउन के समय में परिवर्तन किया जा सकता है।






