शिमला: पवन सिंघ:-
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) बनाने और सत्यापित करने के लिए अधिकृत एजेंसी घोषित कर दिया है। वित्त विभाग द्वारा इस संबंध में सभी जिला कोषाधिकारियों एवं कोष अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब पेंशनर न केवल बैंकों और लोक मित्र केंद्रों, बल्कि आईपीपीबी शाखाओं और डाकघरों के माध्यम से भी अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे। सरकार ने यह निर्णय आईपीपीबी के अनुरोध पर विचार करने के बाद लिया है, जिससे पेंशनरों को अधिक सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सबसे बड़ी राहत यह है कि डोरस्टेप सेवा के माध्यम से भी पेंशनरों के घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित किया जाएगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनरों को लाभ मिलेगा, जिन्हें पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस नई सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक पेंशनरों तक पहुंचाई जाए और उन्हें आईपीपीबी एवं डाकघरों के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।






