अर्की:- दि मांगल लैंड लूजर प्रभावित परिवहन सहकारी सभा के बागा के अर्की घटक की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को अर्की में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के उपाध्यक्ष संजय ठाकुर ने की। इस दौरान अर्की घटक से संबंधित प्रबंधक समिति के सदस्यों सहित विभिन्न पंचायतों के ट्रक ऑपरेटर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में अर्की क्षेत्र की 55 पंचायतों से जुड़े ट्रक ऑपरेटरों ने भाग लिया। गौरतलब है कि दि मांगल लैंड लूजर प्रभावित परिवहन सहकारी सभा में अर्की घटक एवं मांगल घटक दोनों कार्यरत हैं तथा दोनों घटकों के बीच माल ढुलाई के बंटवारे को लेकर मामला माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय के अंतरिम आदेशों के अनुसार सभा में अर्की घटक को 38 प्रतिशत तथा मांगल घटक को 62 प्रतिशत माल ढुलाई कार्य आवंटित किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि पिछले कई वर्षों से अर्की घटक के ट्रक ऑपरेटर अपने कार्यों को पृथक रूप से संचालित करवाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस विषय पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई 2026 को पंचायत चमाकड़ी पुल में अर्की घटक के सभी ट्रक ऑपरेटरों की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भविष्य की रणनीति एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
सभा ने अर्की घटक के सभी ट्रक ऑपरेटरों से 19 जुलाई की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है ताकि सामूहिक रूप से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में नामित कमेटी सदस्य सुरेन्द्र, हेमचंद, सचिव शर्मा सहित अर्की घटक की विभिन्न पंचायतों से जुड़े ट्रक ऑपरेटर उपस्थित रहे।






