कुल्लू हिमाचल आज तक ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला मुख्यालय के ढालपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। देर रात हुए इस हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बाइक के सामने अचानक एक बेसहारा पशु आने से यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान मन्नत सूद निवासी जल्लूग्रां और ईशान निवासी जरी के रूप में हुई है। दोनों युवक 14-15 जुलाई की रात करीब 2 बजे बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ढालपुर क्षेत्र में अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया। पशु से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलते हुए एक घर के आंगन में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि उपचार के लिए ले जाते समय दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दो युवा बेटों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बेसहारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है






