दाड़लाघाट:-ग्राम पंचायत पारनू के वार्ड नंबर-7 सरडमरास में वार्ड सदस्य अंकित कुमार की पहल पर पंचायत प्रधान कान्ता शर्मा एवं उपप्रधान गोपाल कृष्ण की उपस्थिति में उप-ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में सुलग, कून, डमरास, दसल, सह और चोंगर गांवों के ग्रामीणों ने भाग लिया। उप-ग्राम सभा में गांव के विकास, सार्वजनिक सुविधाओं तथा व्यक्तिगत कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को 21 जुलाई को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वच्छता अभियान एवं सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी
योजनाओं, विशेष रूप से वीबीजी राम जी योजना की जानकारी भी साझा की गई। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विकास एवं जनहित योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है। साथ ही क्षेत्र के विधायक से भी विकास कार्यों में सहयोग एवं अपेक्षित समर्थन की आशा व्यक्त की गई। इस अवसर पर पूर्व उपप्रधान हीरा लाल, पूर्व वार्ड सदस्य जिया लाल, जालपा मंदिर कमेटी के प्रधान हेमंत शर्मा, सचिव श्याम लाल, नम्बरदार तीर्थ राम, निर्मल कुमार, विक्रांत, श्याम लाल, नरपत राम, चेतराम, राम लाल, हरीश सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।






