दाड़लाघाट:-ग्राम पंचायत बरायली में नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा का आयोजन पंचायत प्रधान कृष्ण चंद्र भट्टी की अध्यक्षता में किया गया। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में किन्नर समुदाय को शुभ अवसरों पर सम्मान स्वरूप 1100 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बिना अनुमति पंचायत क्षेत्र में फेरी लगाने वालों पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसकी प्रतिलिपि
डीएसपी दाड़लाघाट तथा उपायुक्त सोलन को भेजी जाएगी। बैठक में पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने पर भी विशेष चर्चा हुई। ग्रामीणों से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा सामाजिक सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। प्रधान कृष्ण चंद्र भट्टी ने बताया कि ग्राम सभा में विभिन्न विकास कार्यों एवं पंचायत से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। ग्राम सभा में प्रधान कृष्ण चंद्र भट्टी, उप प्रधान प्रकाश चंद, वार्ड सदस्य बंती देवी, हीरा देई, जयदेव, ज्योति कुमारी और रामचंद, पंचायत समिति सदस्य बालकृष्ण, पंचायत सचिव निर्मला देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।






