अर्की:-
बाघल प्रेस क्लब अर्की के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सतलुज जलविद्युत निगम (एसजेवीएन) के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के वर्तमान अध्यक्ष नन्द लाल शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री शर्मा मस्तिष्क आघात के करण पिछले दो दिनों से चंडीगढ़ के एक अस्पताल में दाखिल थे ।
नन्द लाल शर्मा वर्ष 1990 में उपमंडल अर्की में एसडीएम के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता, सरल स्वभाव और जनहित के प्रति समर्पित कार्यशैली से क्षेत्र के लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई थी। बाद में उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में भी उत्कृष्ट योगदान देते हुए एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
बाघल प्रेस क्लब अर्की के संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, अध्यक्ष अजय गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण रघुवंशी, सचिव योगेश शर्मा, कोषाध्यक्ष योगेश चौहान, सदस्य शहनाज़ भाटिया, नीरज गुप्ता,विनोद शर्मा तथा राकेश कुमार ने कहा कि श्री शर्मा का निधन प्रशासनिक एवं ऊर्जा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
क्लब ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।






