कुनिहार
श्रावण मास के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी कुनिहार की ऐतिहासिकअनादिकालीन शिव तांडव गुफा में भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार 27 अगस्त 2026 को शंभू परिवार एवं गुफा विकास समिति के सौजन्य से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष राम रतन तनवर और उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन दिन सुबह के समय विधि-विधान के साथ भोले बाबा का पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात, विशेष यज्ञ व हवन का आयोजन होगा। भगवान शिव को भोग अर्पित करने के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
भजन संध्या का विशेष आकर्षण
धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ दोपहर 4:00 बजे से शिव गुफा के प्रांगण में सांस्कृतिक व भक्तिमय कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
संगीत मंडली स्वर संगीत साधना धर्मपुर के सदस्य अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
जाने-माने गायक किशोर कुमारअपनी मधुर आवाज से भोले बाबा के भजनों का गुणगान करेंगे और उनके साथ आए अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
शंभू परिवार एवं गुफा विकास समिति ने क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और समस्त शिव भक्तों से विशेष अनुरोध किया है,कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिव तांडव गुफा पहुंचें। भक्तगण सुबह पूजन-अर्चन व यज्ञ में आहुति डालकर, दोपहर में होने वाली भजन संध्या का आनंद लें और महाप्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को कृतार्थ करें।






