अर्की, शहनाज़
नागरिक चिकित्सालय अर्की में पिछले एक महीने से भी लंबे अंतराल से एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों को एक्स-रे जांच नहीं मिल पाने से उन्हें या तो सोलन, शिमला या अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है या फिर निजी लैब में महंगे दाम देकर जांच करवानी पड़ रही है। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ समय भी बर्बाद हो रहा है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में स्थापित एक्स-रे मशीन करीब 12 वर्ष पुरानी है। सामान्यतः ऐसी मशीनों की कार्य अवधि लगभग 10 वर्ष मानी जाती है, लेकिन यह मशीन निर्धारित अवधि से दो वर्ष अधिक समय तक सेवाएं देती रही। अब मशीन पूरी तरह बंद हो चुकी है, जिससे अस्पताल की रेडियोलॉजी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज एक्स-रे जांच के लिए आते हैं। दुर्घटना, हड्डी संबंधी चोटों और अन्य बीमारियों के मामलों में तुरंत जांच आवश्यक होती है, लेकिन मशीन बंद होने से मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द नई मशीन स्थापित कर सेवाएं बहाल करने की मांग की है।
उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नई मशीन के लिए अस्पताल में अलग कमरा भी तैयार कर लिया गया है।
वहीं लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन से कई दिनों से यही सुनने को मिल रहा है कि एक्सरे मशीन आ रही है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर एक्स-रे मशीन स्थापित कर दी जाएगी और जल्द ही मरीजों को पहले की तरह एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने लगेगी।






