Latest News
2016 से 2022 के मध्य सेवानिवृत हुए पैन्शनर्ज के सभी देय लाभों का भुगतान बिना समय गंवाए जारी करे बोर्ड प्रबन्धन। 15 अगस्त को गुरुद्वारा साहिब जोहड़ जी में सजेगा आस्था का दरबार, विशाल लंगर में उमड़ेगी संगत पत्रकारों की सुरक्षा व कल्याण के लिए बने विशेष कानून : बाघल प्रेस क्लब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की मांग । पत्रकारों के हित में 13 प्रमुख मांगें उठाईं कैसा रहेगा आज आपका दिन, पढ़ें अपना सम्पूर्ण राशिफल Rss के शताब्दी वर्ष पर अर्की यूथ एंड स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व मांगू एवं चंडी मंडल के स्वयंसेवकों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में सोमवार को अंबुजा सीमेंट कंपनी दाड़लाघाट के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक दिवसीय गेट मीटिंग आयोजित
Home » Uncategorized » पत्रकारों की सुरक्षा व कल्याण के लिए बने विशेष कानून : बाघल प्रेस क्लब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की मांग । पत्रकारों के हित में 13 प्रमुख मांगें उठाईं

पत्रकारों की सुरक्षा व कल्याण के लिए बने विशेष कानून : बाघल प्रेस क्लब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की मांग । पत्रकारों के हित में 13 प्रमुख मांगें उठाईं

Share:

अर्की:- हिमाचल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एचयूजे) की बाघल प्रेस क्लब अर्की इकाई ने प्रदेश के पत्रकारों के हितों की रक्षा, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है। क्लब ने पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, डिजिटल मीडिया नीति सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रदेश सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
बाघल प्रेस क्लब अर्की के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन, प्रशासन और आमजन के बीच सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं, कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों तथा अन्य जोखिमपूर्ण हालात में भी पत्रकार निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक संरक्षण जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए क्लब ने प्रदेश सरकार से सभी सक्रिय मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन कर उसके लिए पर्याप्त वार्षिक बजट का प्रावधान करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त सभी पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए 25 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना अथवा मृत्यु होने पर 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मानजनक मासिक पेंशन योजना, एचआरटीसी बसों में रियायती अथवा निःशुल्क यात्रा सुविधा, जिला एवं उपमंडल स्तर पर मीडिया सेंटर एवं प्रेस क्लब भवनों के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता तथा प्रदेश में डिजिटल मीडिया नीति शीघ्र लागू कर डिजिटल पत्रकारों को भी निर्धारित मानदंडों के अनुसार मान्यता प्रदान करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा पत्रकारों के विरुद्ध झूठे मुकदमों, धमकी एवं उत्पीड़न के मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य स्तरीय पत्रकार सुरक्षा समिति गठित करने, सभी सरकारी विभागों में सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने तथा सरकारी विज्ञापनों एवं जनसंपर्क गतिविधियों में पारदर्शी नीति के तहत सभी पात्र मीडिया संस्थानों एवं पत्रकारों को समान अवसर देने की भी मांग की गई है।
क्लब ने पत्रकारों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति एवं उच्च शिक्षा सहायता योजना, पत्रकारों के कौशल विकास, डिजिटल पत्रकारिता एवं मीडिया कानूनों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा प्रत्येक जिला मुख्यालय पर इंटरनेट, बैठक कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त पत्रकार सुविधा केंद्र स्थापित करने का भी आग्रह किया है।
बाघल प्रेस क्लब अर्की ने मुख्यमंत्री से लोकतंत्र की मजबूती, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक एवं शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *