जोहड़ जी. पवन सिंघ
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को गुरुद्वारा साहिब जोहड़ जी में धार्मिक श्रद्धा, सेवा और संगत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान एवं विशाल लंगर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं समस्त गुरु संगत ने क्षेत्र सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं को परिवार सहित गुरु घर में पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने और लंगर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। आयोजन के दौरान गुरबाणी 
कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और अरदास के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया जाएगा। संगत का कहना है कि गुरु घर में लगने वाला यह विशाल लंगर केवल भोजन का नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना का प्रतीक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
गुरुद्वारा साहिब जोहड़ जी की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इस पावन आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर पुण्य के भागी बनें। समस्त गुरु संगत ने गुरु महाराज से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।






