Home » Uncategorized » विश्व स्तनपान सप्ताह: कनेर और जधाना में महिलाओं को स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

विश्व स्तनपान सप्ताह: कनेर और जधाना में महिलाओं को स्तनपान के महत्व की दी जानकारी

Share:

कुनिहार
विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत बाल विकास परियोजना कण्डाघाट ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत कनेर और जधाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के महत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, कन्या संरक्षण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े संदेश दिए गए। महिलाओं को बताया गया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराना चाहिए तथा पहले छह माह तक केवल माँ का दूध ही सबसे उपयुक्त आहार है। इसके बाद उचित पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने की सलाह भी दी गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी रक्षा शर्मा ने कहा कि माँ का दूध शिशु के संपूर्ण शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सबसे बेहतर आहार है। इससे न केवल शिशु, बल्कि माँ के स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है। उन्होंने सभी से स्तनपान और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर राहुल, दोनों पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधियों सहित करीब 120 स्थानीय लोगों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *