चम्बाघाट पवन सिंघ
सोलन के प्रसिद्ध सर्प मित्र पंजाबी खान ने एक बार फिर अपनी तत्परता और साहस का परिचय देते हुए चंबाघाट स्थित एक निजी मकान से अत्यंत जहरीले रसेल वाइपर का सफल रेस्क्यू किया। सांप दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पंजाबी खान को सूचना दी।सूचना मिलते ही पंजाबी खान मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ जहरीले सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को मानव बस्तियों से दूर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

पंजाबी खान ने बताया कि रसल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है और कॉमन क्रेट के बाद इसे अत्यंत विषैला माना जाता है। इसके काटने पर समय पर उपचार न मिलने की स्थिति में जान का खतरा भी हो सकता है। पंजाबी खान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर या आसपास

किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्रों या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गौरतलब है कि पंजाबी खान पिछले कई वर्षों से सोलन और आसपास के क्षेत्रों में सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर रहे हैं। जहां भी सांप दिखाई देने की सूचना मिलती है, वे तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित पकड़ते हैं और जंगल में छोड़ते हैं। उनके इस कार्य की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं तथा वन्यजीव संरक्षण में उनके योगदान को महत्वपूर्ण मानते हैं।






