दाड़लाघाट। अदाणी समूह के अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट की ओर से ट्रक यार्ड सुल्ली के समीप कैंटीन में स्थापित वाटर कूलर पिछले करीब पांच से छह माह से बंद पड़ा है। वाटर कूलर के लंबे समय से खराब रहने के कारण यहां आने वाले ट्रक चालकों, स्थानीय लोगों और अन्य लोगों को ठंडे पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी
जानकारी अंबुजा फाउंडेशन और अंबुजा प्रबंधन को भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक वाटर कूलर को ठीक नहीं करवाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार वाटर कूलर में पानी की सप्लाई तो हो रही है, लेकिन कूलिंग व्यवस्था काम नहीं करने के कारण पानी ठंडा नहीं हो रहा है। ऐसे में लोगों को गर्म पानी पीकर ही अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। गर्मी के मौसम में यह समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बताया गया कि ट्रक यार्ड के साथ बुकिंग कार्यालय
और स्थानीय मार्केट भी मौजूद है। इस कारण इस स्थान पर दिनभर बड़ी संख्या में ट्रक चालकों, परिचालकों, स्थानीय लोगों और अन्य लोगों की आवाजाही रहती है। वाटर कूलर के चालू रहने से लोगों को आसानी से ठंडा पानी उपलब्ध हो जाता था, लेकिन पिछले करीब पांच से छह माह से इसके बंद होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बड़ी संख्या में ट्रक चालक और अन्य लोग कुछ समय के लिए रुकते हैं। आसपास के
दुकानदार और स्थानीय लोग भी नियमित रूप से यहां आते-जाते हैं। ऐसे में पेयजल के लिए स्थापित वाटर कूलर का लंबे समय से बंद रहना चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि वाटर कूलर की समस्या के बारे में संबंधित स्तर पर जानकारी देने के बावजूद अभी तक इसकी कूलिंग व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यदि इसकी मरम्मत संभव है तो इसे जल्द ठीक करवाया जाए और यदि मरम्मत संभव नहीं है तो नया वाटर कूलर स्थापित किया जाए, ताकि लोगों को ठंडे पेयजल की सुविधा मिल सके। स्थानीय लोगों ने अंबुजा फाउंडेशन और अंबुजा प्रबंधन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए वाटर कूलर को जल्द दुरुस्त करवाकर ठंडे पानी की सुविधा बहाल की जाए। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए यहां पेयजल की सुविधा सुचारु रहना जरूरी है। इस संबंध में सुनील कुमार, दिनेश कुमार, हरीश कुमार, कृष्ण चंद, करण ठाकुर, अनुप कुमार, नरेंद्र कुमार और संजय शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।






