धर्मपुर, पवन सिंघ
खंड धर्मपुर की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा बरावरी की टीम ने वॉलीबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक किया गया।
वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में पट्टा बरावरी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुनी चंद शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षक राकेश शर्मा तथा समस्त विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों में विद्यार्थियों की उपलब्धियां विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का भी नाम रोशन करती हैं और अन्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।
प्रतियोगिता से वापस लौटने पर विद्यालय में विजेता टीम का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अध्यापकों और विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।






