अर्की
अच्छे कार्यों की प्रशंसा होनी चाहिए और जनहित में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया जाना चाहिए। इसी कड़ी में जान्डु स्कूल के लिए नई कंप्यूटर लैब और नए डेस्क उपलब्ध करवाने पर स्थानीय लोगों ने अर्की के विधायक संजय अवस्थी का धन्यवाद किया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि विधायक संजय अवस्थी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। स्कूल में नई कंप्यूटर लैब और डेस्क उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई का लाभ मिलेगा।
वहीं, स्कूल और जान्डु क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को विधायक के समक्ष लगातार उठाने में देवेंद्र शर्मा (बंटी), ओम प्रकाश (ओमी) तथा स्कूल के मुख्य अध्यापक की भूमिका की भी सराहना की गई। बताया गया कि ये सभी विधायक के लगातार संपर्क में रहकर स्कूल और क्षेत्र की आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखते रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल की जमीन का मामला भी लंबे समय से लंबित था, जिसे विधायक के प्रयासों से स्कूल के नाम करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ। इसके अलावा स्कूल के आसपास सुरक्षा दीवारों का निर्माण करवाने तथा बिजली के पोल शिफ्ट करवाने जैसे कार्य भी करवाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मिलकर यदि विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं तो ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने विधायक संजय अवस्थी सहित स्कूल और क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत सभी लोगों का आभार जताया।






