राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में कार्यकारी मुख्याध्यापक ललित कुमार गांधी की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान बच्चों के FA-I और FA-II परीक्षाओं के परिणाम के बारे में अभिभावकों को अवगत करवाया गया। साथ ही आगामी परीक्षाओं एवं विद्यार्थियों की पढ़ाई से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। कार्यकारी मुख्याध्यापक ललित कुमार गांधी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं, ऐसे में अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले समय और उनके व्यवहार पर नजर रखना अभिभावकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका अहम है और इसके लिए शिक्षक तथा अभिभावक मिलकर कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के उपप्रधान दीपा शर्मा, एसएमसी कार्यकारिणी, व स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।






