कसौली (सोलन) पवन सिंघ । ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, आढत बाजार कसौली में आयोजित होने वाले 148वें सालाना दीवान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 3 सितंबर से आरंभ हुए धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत संगत में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यह धार्मिक समागम 13 सितंबर तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अनुसार 3 सितंबर से श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ चल रहे हैं, जबकि 10 सितंबर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ आरंभ होंगे। 12 सितंबर को अखंड पाठ का भोग डाला जाएगा तथा विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समागम का मुख्य आकर्षण 12 सितंबर, शनिवार को निकाला जाने वाला विशाल नगर कीर्तन होगा। पंच प्यारों की अगुवाई तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया में नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर कसौली बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरेगा। इस दौरान धार्मिक जत्थे, बैंड एवं संगत गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक संदेशों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। नगर कीर्तन के उपरांत गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाया जाएगा तथा संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया जाएगा। वहीं 13 सितंबर को विशेष कीर्तन दीवान में रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।
गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने क्षेत्र की समस्त संगत एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु के लंगर एवं धार्मिक सेवाओं में सहयोग देने का भी आग्रह किया है।






