Home » Uncategorized » सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई पेट्रोल पंप से कोठी चौक तक होगा सड़क चौड़ीकरण, नालियों पर किए अतिक्रमण भी हटाने के निर्देश

सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई पेट्रोल पंप से कोठी चौक तक होगा सड़क चौड़ीकरण, नालियों पर किए अतिक्रमण भी हटाने के निर्देश

Share:

कुनिहार। पेट्रोल पंप से कोठी चौक तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़क चौड़ीकरण के दौरान किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए विभाग ने सड़क की निर्धारित सीमा में किए गए अतिक्रमण और अन्य अवरोधों को स्वयं हटाने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लोक निर्माण विभाग अर्की के एक्सईएन केके चौहान के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग कुनिहार के एसडीओ मनसा राम ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क की सीमा में जिन लोगों ने सामान, निर्माण सामग्री या अन्य वस्तुएं रखी हैं अथवा किसी तरह का निर्माण या कार्य किया है, वे उसे जल्द स्वयं हटा लें।

एसडीओ ने कहा कि पेट्रोल पंप से कोठी चौक तक सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण महत्वपूर्ण विकास कार्य है और इसे समय पर पूरा करने के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विभाग लोगों से आग्रह कर रहा है कि बिना किसी कार्रवाई के स्वयं सड़क की जमीन खाली कर दें। इससे विभाग को कार्य शुरू करने में सुविधा होगी और अनावश्यक विवाद की स्थिति भी नहीं बनेगी। निर्धारित समय में अतिक्रमण और अवरोध नहीं हटाए गए तो विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ेगी।

उन्होंने बताया कि कोठी चौक से ओल्ड बस स्टैंड, तलाव और ऊचा गांव तक सड़कों की नालियों का कार्य भी प्रस्तावित है। ऐसे में जिन दुकानदारों या अन्य लोगों ने नालियों के ऊपर कोई निर्माण, स्लैब या अन्य कार्य किया है अथवा सामान रखा है, वे भी उसे जल्द हटा लें। विभाग ने सभी लोगों से विकास कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *