दाड़लाघाट। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की ओर से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट, राजकीय विद्यालय बरायली तथा डवारू स्कूल की स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य एसएमसी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों, विद्यालय के विकास में उनकी भूमिका तथा प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण वर्ग में पीएम श्री दाड़लाघाट स्कूल के एसएमसी चेयरमैन ओम प्रकाश शर्मा, प्रधानाचार्य मुनीश कमल, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़लाघाट के मुख्याध्यापक श्रीनिवास, तेजेंद्र सहित दाड़लाघाट,
बरायली और डवारू स्कूलों की एसएमसी के सदस्य उपस्थित रहे। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की ओर से मस्त राम शर्मा ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उनके साथ अंबुजा फाउंडेशन से आरती सोनी भी उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण के दौरान एसएमसी सदस्यों को विद्यालय के विकास, अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय, विद्यार्थियों के हित में कार्य करने तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में एसएमसी की सक्रिय भागीदारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। एसएमसी सदस्यों ने प्रशिक्षण वर्ग को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दाड़लाघाट एसएमसी के चेयरमैन ओम प्रकाश शर्मा ने भी अंबुजा फाउंडेशन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से एसएमसी सदस्यों को अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने और विद्यालय के समग्र विकास में प्रभावी भूमिका निभाने में सहायता मिलेगी।






