अर्की:-
बॉक्सिंग में पांच स्वर्ण, दो रजत व एक कांस्य पदक; बास्केटबॉल में कांस्य, यश पंवार का राज्य स्तर के लिए चयन
अर्की, 15 सितंबर। लक्ष्य पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला मेजर गेम्स टूर्नामेंट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 10 से 12 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग और बास्केटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
बॉक्सिंग में लक्ष्य पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। 42 किलोग्राम वर्ग में अंश ठाकुर, 36 किलोग्राम वर्ग में दिवेश, 42 किलोग्राम वर्ग में देवांश, 44 किलोग्राम वर्ग में वरुण तथा 50 किलोग्राम वर्ग में हर्षित ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इसी प्रकार 34 किलोग्राम वर्ग में आर्यन तथा 46 किलोग्राम वर्ग में ओजस ने रजत पदक हासिल किए, जबकि 40 किलोग्राम वर्ग में राजवीर ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बास्केटबॉल में भी विद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई।
विद्यालय के लिए एक और बड़ी उपलब्धि उस समय सामने आई, जब खिलाड़ी यश पंवार का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए हुआ। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मंडी में किया जाएगा। यश के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन के निरंतर सहयोग का परिणाम है। प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
लक्ष्य पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ अर्की क्षेत्र का भी नाम रोशन हुआ है।






