अर्की:-
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में पदभार ग्रहण समारोह Investiture Ceremony का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य मुनीश कमल के मार्गदर्शन में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।

समारोह में नवनिर्वाचित हेड बॉय माधव ठाकुर एवं हेड गर्ल भूमिका को प्रधानाचार्य मुनीश कमल द्वारा बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कक्षा छठी से बारहवीं तक के सभी कक्षा मॉनिटरों, विभिन्न हाउस कैप्टनों तथा साइंस क्लब, स्पोर्स्ट क्लब, ईको क्लब, सेनिटेशन क्लब व कल्चरल क्लब के कैप्टनों को भी उनके दायित्वों के प्रतीक स्वरूप बैज प्रदान किए गए।
इस अवसर पर छात्र पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। प्रधानाचार्य मुनीश कमल ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा, सहयोग और आदर्श आचरण का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं टीम भावना को विकसित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी छात्र पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु शुभकामनाओं के साथ हुआ।






