अर्की, जिला स्तरीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्कूल की लड़कियों की जूडो टीम ने ओवरऑल विजेता ट्रॉफी हासिल की, जबकि लड़कों की टीम ने ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त किया।
![]()
प्रतियोगिता में काव्यांश ने 28 किग्रा भार वर्ग में जूडो और कुराश दोनों में स्वर्ण पदक हासिल कर दोहरी सफलता दर्ज की। मोक्षिता ने 44 किग्रा भार वर्ग में जूडो और कुराश दोनों में स्वर्ण पदक जीते। याशिका ने 27 किग्रा भार वर्ग में जूडो में स्वर्ण पदक हासिल किया।
लावण्या ने 36 किग्रा, अवनी ने 32 किग्रा और गुंजन ने 48 किग्रा भार वर्ग में जूडो एवं कुराश दोनों में रजत पदक जीते। शौर्य ठाकुर ने 40 किग्रा भार वर्ग में जूडो में रजत पदक हासिल किया। वहीं उत्कर्ष ने 48 किग्रा और सूर्यांश भार्गव ने 44 किग्रा भार वर्ग में जूडो में कांस्य पदक जीते।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर स्कूल को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर मेहनत करने और आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।






