कुनिहार
वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड वर्ल्ड कैंसर केयर और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सीएचसी कुनिहार में कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में 535 लोगों ने पंजीकरण करवाया। इनमें 244 पुरुष और 291 महिलाएं शामिल रहीं। वर्धमान की टीम का नेतृत्व वरिंदर शर्मा और संदीप गुलेरिया ने किया। गणपति एजुकेशनल सोसाइटी के प्रमुख रोशन लाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ ढिल्लों के नेतृत्व में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ समेत करीब 35 सदस्यों की टीम ने लोगों की जांच की। शिविर में महिलाओं की 20
मैमोग्राफी और 83 पैप स्मीयर, जबकि पुरुषों की 48 पीएसए जांच की गई। इसके अलावा 55 रक्त जांच, 77 बोन टेस्ट और 785 लोगों की ओरल स्क्रीनिंग की गई। 348 लोगों की आंखों की जांच हुई और 325 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। जांच के दौरान 57 लोगों में हाई शुगर और 61 में हाई ब्लड प्रेशर पाया गया। पांच लोगों की न्यू शुगर जांच हुई। वहीं 19 लोगों में ओरल फाइंडिंग दर्ज की गई। शिविर में कैंसर जागरूकता व्याख्यान स्वास्थ्य परामर्श सामान्य औषधीय सलाह और कैंसर संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।
मरीजों की जांच रिपोर्ट उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। एसएमएस में दिए लिंक से रिपोर्ट डाउनलोड की जा सकेगी। एसएमएस नहीं मिलने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से 9888711778 पर मिस्ड कॉल कर रिपोर्ट प्राप्त की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर निर्धारित तिथि के बाद कार्यालय से रिपोर्ट की हार्ड कॉपी भी ली जा सकेगी।
आयोजकों ने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने और किसी भी संदिग्ध लक्षण को नजरअंदाज न करने की अपील की।






