अर्की
शालाघाट के कडयाह गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का पता उस समय चला जब 70 वर्षीय बाबूराम मैहता अपनी धर्मपत्नी शीला देवी के साथ चार दिन बाद शिमला से घर लौटे।
शिकायत के अनुसार दंपती 26 सितंबर की शाम अपने बेटे और बहू के पास शिमला गए थे। 30 सितंबर को शाम करीब छह बजे वापस लौटने पर उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारियों, ट्रंक और बेड बॉक्स के ताले टूटे हुए थे।
परिजनों ने पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा और रिश्तेदार योगेश चौहान को इसकी सूचना दी। योगेश चौहान ने तत्काल अर्की पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में घर की जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी गायब पाई गई।
शिकायत में दंपती, उनके बेटे और बहू के मंगलसूत्र, चूड़ियां, अंगूठियां, नथ, झुमके, पायल, चांदी के अन्य जेवर समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा ने की है । उन्होंने कहाकि पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।






