अर्की। नगर पंचायत अर्की की बैठक अध्यक्ष सीमा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों, पार्किंग, रास्तों की मरम्मत, स्वच्छता और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वार्ड नंबर छह में पुराने बस स्टैंड के समीप शौचालय के पास रास्ते की मरम्मत करवाने का निर्णय लिया गया। साथ ही शौचालय को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर वहां दुकानें बनाने पर भी चर्चा हुई। वार्ड नंबर पांच में नजमा के घर के पास डंगा लगाने का फैसला लिया गया। पुराने कोर्ट परिसर की जगह तथा इसके साथ लगती हिमाचल पथ परिवहन निगम की भूमि को नगर पंचायत के अधीन वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।
वार्ड नंबर सात में मीरा के घर तक सड़क की प्रस्तावित योजना को सावित्री के घर से होकर निकालने, लक्ष्य वाले के घर तक रास्ते की मरम्मत करवाने तथा पुराने बस स्टैंड से अस्पताल तक नाली के ऊपर रास्ता बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। वार्ड नंबर चार की पार्किंग में पिकअप वाहनों के लिए 900 रुपये प्लस 100 रुपये तहबाजारी शुल्क निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मेले के दौरान छोटी-बड़ी दुकानों के आकार के अनुसार तहबाजारी की रसीद काटने का निर्णय लिया गया। शहर में बच्चों के खेलने के लिए नर्सरी वाली जगह को बागवानी विभाग से नगर पंचायत के नाम स्थानांतरित करवाने के विषय पर भी चर्चा हुई। सड़क के साथ बने मकानों के मालिकों को येलो लाइन के अंदर अपने वाहन पार्क करने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा किन्नर समाज को शादी समारोह के दौरान 1100 रुपये बधाई राशि देने, बारा सड़क को पक्का करवाने, वार्ड नंबर तीन में हवा घर के पास शौचालय निर्माण तथा वार्ड नंबर एक में राजमहल सड़क पर पार्क विकसित करने संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
नगर पंचायत शहर में 35 इलेक्ट्रिक लाइटें खरीदने की दिशा में भी कार्य करेगी। वहीं, शहर में बढ़ते बंदरों के आतंक की समस्या के समाधान के लिए विधायक संजय अवस्थी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपप्रधान वीना ठाकुर, पार्षद अनुज गुप्ता, रंजना कालिया, प्रदीप शर्मा, देवेंद्र कुमार सहित नगर पंचायत का कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।






