दाड़लाघाट। किसान सभा की दाड़लाघाट ब्लॉक कमेटी की बैठक शनिवार को दाड़लाघाट में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक का उद्घाटन किसान सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष राम कृष्ण शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम
करना होगा। साथ ही किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष को और तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक के दौरान किसान सभा की नौ सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का गठन किया गया। इसमें जय देव ठाकुर को अध्यक्ष तथा रूप सिंह ठाकुर को सचिव निर्वाचित किया गया। भागीरथ को कोषाध्यक्ष, मोहन को उपाध्यक्ष और रूप राम को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, आर.के. शर्मा, विजय और गजपति को कमेटी सदस्य चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों को सक्रिय बनाने तथा किसानों और स्थानीय लोगों की समस्याओं को संबंधित मंचों पर उठाने की अपेक्षा जताई गई। बैठक में दाड़लाघाट के ट्रक ऑपरेटरों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। नवनिर्वाचित ब्लॉक कमेटी ने ट्रक ऑपरेटरों के समर्थन में आगामी संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कमेटी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ट्रक ऑपरेटरों से संबंधित मुद्दों को लेकर उनकी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रभावित करने वाली समस्याओं को भी संगठन के माध्यम से उठाने पर सहमति बनी। बैठक में दाड़लाघाट के स्थानीय अस्पताल से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कमेटी ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाने का निर्णय लिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा दाड़लाघाट में नए ब्लॉक के गठन की मांग को भी प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। बैठक में किसानों की अन्य समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई और इन मुद्दों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक के समापन पर किसान सभा के जिला अध्यक्ष नीतीश ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने बीज अधिनियम तथा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का विरोध करते हुए कहा कि ये कदम देश के किसानों के हितों के पूर्णतः विरुद्ध हैं। उन्होंने किसानों के अधिकारों और कल्याण की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही नवनिर्वाचित ब्लॉक कमेटी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कमेटी किसानों की समस्याओं और क्षेत्र के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगी। बैठक में गठित नई कमेटी ने किसानों के हितों की रक्षा, ट्रक ऑपरेटरों के समर्थन तथा दाड़लाघाट क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।






