जिला स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ, आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा
कुनिहार
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने शुक्रवार को जिला स्तरीय छात्र-छात्रा एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान के विकास के लिए तीन लाख रुपये और आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया। वहीं, स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पहाड़ी नृत्य और भांगड़ा प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और जिला स्कूल खेल संघ (डीएसएसए) के ध्वजारोहण के साथ हुआ। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद जिला स्कूल खेल संघ के पदाधिकारियों ने विधायक से प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करवाया। स्थानीय विद्यालय की ओर से वरिष्ठ अतिथियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। खेल प्रभारी ने जिला सोलन में खेल गतिविधियों और प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी दी।
खेल सुविधाओं के विकास पर दिया जोर
विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है, लेकिन प्रतियोगिता में सफल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर अधिक मेहनत करनी चाहिए। विद्यालय प्रबंधन की मांग पर उन्होंने खेल मैदान के विकास के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने का भी एलान किया।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश
विधायक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर पढ़ाई और खेलकूद पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का किया दावा
विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता के आकलन में हिमाचल प्रदेश चार वर्ष पहले 21वें स्थान पर था, जबकि पिछले वर्ष हुए आकलन में प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था में किए गए बदलावों और बेहतर निगरानी का परिणाम बताया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने में शिक्षकों की अहम भूमिका है।
ये रहे मौजूद: इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य बिमला वर्मा, रीता गुप्ता, पूर्व प्रधान कुनिहार राकेश ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष कृष्ण चंद, बीडीओ तन्मय कंवर, डीएफओ राजकुमार शर्मा, बीडीसी सदस्य जगदीश, कुनिहार के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस कमेटी के सदस्य रूप सिंह ठाकुर, बाबू लाल चौहान, पूर्व प्रधान अनिल तंवर और कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेश शांडिल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






