दाड़लाघाट। पंचायत सन्याड़ी मोड़ के अंतर्गत दाड़लामोड़ से नवगांव-बेरी सड़क पर जगह-जगह सड़क किनारे लगे खंभे लोगों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क के बिल्कुल नजदीक लगे इन खंभों से हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे चलने वाले राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि कुछ दिन पहले शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया था। इस हादसे में चलती बस की खिड़की से सिर बाहर निकालकर बैठे 12वीं कक्षा के एक छात्र का सिर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गया,
जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद नवगांव-बेरी सड़क पर भी किनारे लगे खंभों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के इतने नजदीक खंभे लगे होने से किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभाग को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए। अमर शर्मा, हीरा सिंह ठाकुर, राकेश शर्मा, सुरेश शुक्ला, रमेश शुक्ला, महेंद्र कंवर, पंकज महाजन, विजय शर्मा, प्रकाश शर्मा, प्रदीप सोनी, गगन और हरीश शर्मा सहित अन्य लोगों ने अर्की प्रशासन एवं प्रदेश सरकार से मांग की है कि दाड़लामोड़ से नवगांव तक सड़क किनारे लगे खंभों का निरीक्षण करवाया जाए और जो खंभे यातायात के लिए खतरा बने हुए हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।






