शहनाज़ भाटिया
ग्राम पंचायत बखालग के अंतर्गत भिंडी से जाबलू सड़क की मरम्मत का कार्य करवाने के लिए पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाठक ने अर्की के विधायक संजय अवस्थी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से सड़क से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी।
पंचायत प्रधान ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बेहतर सड़क सुविधा से न केवल लोगों का आवागमन आसान होता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि भिंडी-जाबलू सड़क की मरम्मत से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा और उनकी परेशानियां कम होंगी।
उन्होंने विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी संवेदनशीलता और ग्रामीण जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
सुरेंद्र पाठक ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विधायक के नेतृत्व में ग्राम पंचायत बखालग सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पंचायत की जनता की ओर से विधायक संजय अवस्थी का इस कार्य के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।






