दाड़लाघाट। प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन की दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट की महत्वपूर्ण बैठक ठाकुर विजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दाड़लाघाट और नम्होल उपमंडलों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पुरानी देनदारियों के भुगतान और महंगाई भत्ते की अदायगी के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बिजली बोर्ड में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की सराहना की गई। कर्मचारियों ने बताया कि दाड़लाघाट और नम्होल उपमंडलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को बोर्ड के प्रबंध निदेशक तथा दक्षिण और मंडी जोन के मुख्य अभियंताओं के
समक्ष उठाया गया है। बैठक में दाड़लाघाट उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों और ग्राम पंचायत रौड़ी में हाईटेंशन (एचटी) विद्युत लाइनों के रखरखाव तथा गांवों में अतिरिक्त बिजली के खंभे लगाने की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया गया। इन समस्याओं से बिजली बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। इसके अलावा एसोसिएशन ने विधायक संजय अवस्थी के समक्ष भी क्षेत्र की समस्याएं रखीं। दाड़लाघाट क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और अन्य विकास कार्यों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। नम्होल यूनिट के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने लोगों की समस्याओं का जायजा लेने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई करने पर संबंधित सहायक अभियंताओं एवं कनिष्ठ अभियंताओं के प्रयासों की सराहना की।एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम केशव ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधायक संजय अवस्थी का भी धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से दाड़लाघाट क्षेत्र में सड़क निर्माण, मरम्मत और विद्युत बोर्ड से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए गए। बैठक में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, रखरखाव संबंधी समस्याओं के समाधान और लोगों को राहत पहुंचाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।






