दाड़लाघाट। दाड़लाघाट के समस्त ट्रक ऑपरेटरों ने परिवहन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अर्की के विधायक संजय अवस्थी से दाड़लाघाट में मुलाकात की। इस दौरान ट्रक ऑपरेटरों की ओर से स्पीड गवर्नर लगाने संबंधी नए निर्देशों के कारण वाहन मालिकों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और आर्थिक नुकसान के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। विधायक संजय अवस्थी ने ट्रक ऑपरेटरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्पीड गवर्नर लगवाने के लिए वाहन मालिकों को उचित मोहलत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही वाहनों की नई पासिंग तिथि भी शीघ्र निर्धारित करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस पर समस्त ट्रक ऑपरेटरों ने विधायक का आभार व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त दाड़लाघाट उपतहसील में नायब तहसीलदार के रिक्त पद को
भरवाने के लिए भी ट्रक ऑपरेटरों ने विधायक का विशेष धन्यवाद किया। इस पद पर नियुक्ति होने से क्षेत्र के लोगों को आय प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में काफी सुविधा मिल रही है। इस मौके पर वेद प्रकाश शुक्ला, रामकृष्ण बंसल, अरुण शुक्ला, जय सिंह ठाकुर, जगदीश सहित अन्य ट्रक ऑपरेटर मौजूद रहे।






