दाड़लाघाट :- डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट के विद्यार्थियों ने भारत स्काउट एंड गाइड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश स्टेट ट्रेनिंग सेंटर रिवालसर में आयोजित पेट्रोल लीडर वर्कशॉप में भाग लिया। यह कार्यशाला 16 से 20 अप्रैल तक आयोजित की गई, जिसमें लगभग 18 विद्यालयों के करीब 300 स्काउट्स एवं गाइड्स ने सहभागिता की। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न कौशल सीखे तथा नेतृत्व क्षमता से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।विद्यालय के 14 स्काउट्स एवं गाइड्स ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया, जिनका नेतृत्व स्काउट मास्टर संजीव चंदेल एवं गाइड कैप्टन सरिता गुप्ता ने किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई, कैम्पफायर के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा श्री माता नैना देवी जी तक ट्रेकिंग अभियान का भी आनंद लिया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउटिंग एक ऐसा मंच है, जो विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। इस अवसर पर एलएमसी अध्यक्ष एवं सीएमओ नॉर्थ एसीएल संदीप सीरह ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।






