Home » Uncategorized » बरायली में पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के बीच आपसी तालमेल बनने के बाद प्रधान, उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन

बरायली में पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के बीच आपसी तालमेल बनने के बाद  प्रधान, उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन

Share:

दाड़लाघाट:- ग्राम पंचायत बरायली में पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक सरगर्मियों, बैठकों और जोड़-तोड़ के बीच आखिरकार शुक्रवार को आपसी सहमति का माहौल बन गया। दिनभर चली चर्चाओं और पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के बीच आपसी तालमेल बनने के बाद पंचायत में प्रधान, उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन कर लिया गया। पंचायत में सहमति बनने के बाद पूरे क्षेत्र में भाईचारे और एकजुटता का संदेश देखने को मिला। पंचायत में चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार चर्चाओं का दौर जारी था। प्रधान और उपप्रधान पद के लिए विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए गए थे, जिसके चलते पंचायत में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ था। हालांकि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर पंचायत में कई दौर की बैठकों और आपसी बातचीत के बाद सहमति बनी और प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया। प्रधान पद के लिए नामांकन भरने वाले जय सिंह ठाकुर ने पंचायत की एकजुटता और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया। वहीं उपप्रधान पद के लिए बिक्रम, बंसत लाल ने भी अपना नामांकन वापस लिया। इसके बाद प्रधान और उपप्रधान पद के लिए केवल एक-एक उम्मीदवार शेष रह गए, जिससे निर्विरोध चयन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। इसके उपरांत सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) नरेंद्र कुमार द्वारा औपचारिक घोषणा करते हुए बताया गया कि ग्राम पंचायत बरायली में प्रधान, उपप्रधान सहित सभी वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन कर लिया गया है। प्रधान पद पर कृष्ण चंद भट्टी तथा उपप्रधान पद पर प्रकाश चंद निर्विरोध चयनित हुए। इसके अलावा वार्ड एक चलयावण से बंती देवी (भारती), वार्ड दो पथरागल से हीरा देवी, वार्ड तीन स्तोटी से जयदेव देवू, वार्ड चार श्मेली से ज्योति गौतम तथा वार्ड पांच बरायली से राम चंद देशु पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए।
पंचायत में आपसी सहमति बनाने में कमलेश गौतम सहित पंचायत के कई गणमान्य लोगों, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। ग्रामीणों ने इसे पंचायत की एकता, सामाजिक सौहार्द और विकास की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में निर्विरोध चयन होने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आपसी भाईचारे का माहौल और मजबूत होगा। क्षेत्र के लोगों ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई पंचायत निष्पक्ष रूप से कार्य करते हुए पंचायत के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *